जोगीरम्पुरी में शौचालय निर्माण का शिलान्यास करते केंद्रीय मंत्री।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने जोगीरम्पुरी में सार्वजनिक सुलभ शौचालय निर्माण योजना का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सशक्तिकरण और विकास को अपना लक्ष्य बनाया है।
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित्त निगम की ओर से सीआरएस योजना के तहत दरगाह-ए-आलिया नजफ-ए-हिंद परिसर में 25 सीटेड सार्वजनिक शौचालय बनाए जाएंगे। 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शौचालय का शिलान्यास केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने दरगाह कमेटी के सचिव विसाल मैहदी, संयुक्त सचिव अब्बास नकवी और एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह, सीओ नजीबाबाद ब्रजराज सिंह, सीओ नगीना महेश कुमार की उपस्थिति में किया।
मुख्य अतिथि मुख्तार नकवी ने कहा कि केंद्र सरकार ने सशक्तिकरण और विकास को अपना मुख्य लक्ष्य बनाया है। दस्तकार, शिल्पकारों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए विकास प्लेटफार्म दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर है कि जब सरकार ने अल्पसंख्यक समुदाय की प्रतिभाओं को निशुल्क कोचिंग के साथ आईएएस और आईपीएस बनने का मौका दिया है। सरकार के इस प्रयास से अल्पसंख्यक समुदाय से 126 आईएएस बने, जिनमें 52 मुस्लिम शामिल हैं।
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास वित्तीय निगम के सीएमडी मो.शहबाज अली ने अल्पसंख्यक वित्तीय निगम की टर्म लोन, माइक्रो फाइनेेंस सहित अल्पसंख्यक कल्याण की कई योजनाओं की जानकारी दी। दरगाह कमेटी के सचिव विसाल मैहदी की अध्यक्षता एवं मिसाल मैहदी के संचालन में शम्सुल हसन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मौलाना कुर्रतुल एन हैदर, विसाल मैहदी ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी केएम सिंह, अथर हुसैन, नोएडा अथॉरिटी के पूर्व चेयरमैन एसएच रजा शामिल थे।