बिजनौर के बेगावाला में पुलिस ने गांव काजीवाला में गोकशी की सूचना पर घेर में छापामारी की। पुलिस ने मौके से जीवित गाय, एक बछड़ा व 40 किलो मांस बरामद किया है। पुलिस की दबिश पड़ते ही आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने गोकशी के मामले में सात नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस को क्षेत्र में काफी समय से गोकशी होने की सूचना मिल रही है। बुधवार सुबह पुलिस ने गांव काजीवाला में अफजाल और नाजिम के घेर में छापामारी की, तो वहां गोकशी करने वाले भाग खड़े हुए।
पुलिस को मौके से एक जीवित गाय, एक बछड़ा व 40 किलो मांस बरामद हुआ है। इसके अलावा पशु कटान के हथियार आदि भी पुलिस को मिले हैं। पुलिस ने मांस जब्त करते हुए गाय व अन्य हथियारों को अपने कब्जे में ले लिया है। बेगावाला चौकी इंचार्ज जयभगवान सिंह ने अफजाल, अबरार, इकरार, नाजिम, शब्बीर, इकराम व अख्तर व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने मांस की जांच कराने के लिए उसका सैंपल भी लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं, पुलिस ने अवैध खनन के रेत से भरी तीन बुग्गियों को भी पकड़ा है। चौकी प्रभारी जयभगवान सिंह के मुताबिक क्षेत्र में गोकशी किसी भी सूरत में नहीं होने दी जाएगी। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की तलाश में दबिशें डाली जाएगी। आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दिया जाना चाहिए।