घर-घर जाकर की लोगों की सेहत की जांच
हल्दौर। गांव अम्हेड़ा में स्वास्थ्य विभाग की 16 टीमों ने डोर टू डोर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। केंद्र प्रभारी ने ग्रामीणों को वायरस से बचाव के लिए सलाह दी।
गांव अम्हेड़ा निवासी कुछ लोग दिल्ली में रहकर काम करते हैं। कुछ दिन पूर्व पिता, पुत्र अपने परिवार के साथ दिल्ली से अपने घर लौटे थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन लोगों स्वास्थ्य की जांच के लिए सैंपल भेजे थे। मेडिकल जांच में पिता पुत्र के कोराना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। एसडीएम सदर बृजेश कुमार ने दो दिन पूर्व गांव पहुंच कर कोरोना पॉजिटिव लोगों के मोहल्ले को हॉटस्पॉट में तब्दील करा कर स्वास्थ्य विभाग की टीम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे। सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉक्टर मदनपाल सिंह स्वास्थ्य विभाग की 32 सदस्यीय टीम के साथ गांव पहुंचे। टीम में छह सुपरवाइजरों के साथ डबल्यूएचओ की सीमा शर्मा भी शामिल रहीं। टीम ने गांव अम्हेड़ा की कुल 4751 आबादी में 902 घरों के लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जांच की। टीम ने गांव में निर्धारित अवधि में पहुंचे 81 लोगों का ब्यौरा अपने अभिलेखों में दर्ज कर होम क्वारंटीन कराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने ग्रामीणों को एहतियात के तौर पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, सामाजिक दूरी बनाए रखने व मास्क लगाने की अपील की। इस अवसर पर आशा, एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकत्री समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की समस्त टीम मौजूद रही।