बिजनौर। नजीबाबाद रोड स्थित श्री गोपाल हॉस्पिटल में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार शाम सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और प्रशासन से अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हल्दौर निवासी संजीव मिश्रा ने बताया कि उन्होंने अपनी सात वर्षीय बेटी पीशा को बुखार होने पर बुधवार को श्री गोपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बच्ची की हालत बुधवार की देर शाम से ही गंभीर बनी हुई थी, लेकिन बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे के बाद कोई डॉक्टर या चिकित्साकर्मी उसे देखने नहीं आया। परिजनों ने कई बार अस्पताल स्टाफ से डॉक्टर को बुलाने की मांग की, लेकिन समय पर उपचार नहीं मिल सका। परिजनों ने आरोप लगाया कि उचित इलाज और समय पर चिकित्सकीय देखभाल नहीं मिलने के कारण बच्ची की हालत बिगड़ गई और उसने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और रिश्तेदारों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सीएमओ डॉ. कौशलेंद्र सिंह का कहना है कि टीम भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई करेंगे।