अफजलगढ़। गांव हरेवला भगौता में पिता के साथ खेत पर गई 6 वर्षीय बालिका को सांप ने डस लिया। परिजनों ने आनन-फानन में बालिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक व फार्मासिस्ट ने उसे एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाकर उपचार किया।
गांव हरेवला भगौता निवासी जाहिद शुक्रवार को खेत पर गया था। उसके साथ उसकी 6 वर्षीय पुत्री सनाया भी गई थी। इसी दौरान खेत में मौजूद एक सांप ने सनाया को डस लिया। बच्ची के रोने और हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत सीएचसी लेकर पहुंचे। सीएचसी में चिकित्सक डॉ. मोहित कुमार तथा फार्मासिस्ट मनोज शर्मा ने बालिका को तुरंत एंटी स्नेकवेनम इंजेक्शन लगाकर उपचार शुरू किया। करीब चार घंटे के उपचार के बाद बालिका की हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया। चिकित्सक मोहित कुमार ने बताया कि सीएचसी में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेकवेनम इंजेक्शन उपलब्ध हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सांप के डसने पर झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें और तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में उपचार कराएं।