रेलवे और पुलिस प्रशासन ने लिया एक्शन
गैस का तेज रिसाव देखकर टैंकर चालक मनोज कुमार तत्काल वाहन से उतरकर सुरक्षित दूरी पर चला गया। रेलवे गेटमैन ने टैंकर से गैस रिसाव होते देखा तो तत्काल स्टेशन मास्टर मारूफ अली को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन मास्टर ने अप और डाउन दोनों रेलवे लाइनों पर ट्रेनों का संचालन रुकवा दिया। सूचना मिलते ही नगीना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से फाटक के दोनों ओर यातायात बंद कराकर वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया।
करीब एक घंटे तक थमीं रहीं सांसे
सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान आरवीएस फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक कपिल चौहान ने गैस सिलिंडरों के वाल्वों को बंद करने में सफलता प्राप्त की। हालांकि, इस दौरान एक घंटे से अधिक समय तक फाटक पर गैस का रिसाव होता रहा। रिसाव बंद होने के बाद रात करीब तीन बजे टैंकर को रेलवे फाटक से हटाया गया। इसके बाद सड़क यातायात और रेल संचालन सुचारु हो सका। प्रारंभिक तौर पर टैंकर की पाइपलाइन फटने से गैस रिसाव होने की संभावना है। टैंकर एचपीसीएल के अंतर्गत हिसार की एक कंपनी का था और गैस आपूर्ति के लिए नगीना आ रहा था। घटना के बाद टैंकर को वापस कंपनी ले जाया गया।
मारूफ अली, स्टेशन मास्टर, नगीना
रेलवे गेटमैन से टैंकर में गैस रिसाव की सूचना मिलते ही तत्काल उच्च सतर्कता बरती गई। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अप और डाउन दोनों रेलवे लाइनों पर ट्रेनों का संचालन रुकवा दिया गया। उपासना एक्सप्रेस को बुंदकी में करीब एक घंटे तथा हिमगिरी एक्सप्रेस को पुरैनी में लगभग 35 मिनट तक रोका गया। गैस रिसाव बंद होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही ट्रेनों का संचालन शुरू कराया गया।
कपिल चौहान, प्रबंधक, आरवीएस फिलिंग स्टेशन, नगीना
मुझे रात करीब 2:25 बजे टैंकर से गैस रिसाव होने की सूचना पुलिस द्वारा मिली थी। सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे। टैंकर में करीब 60 गैस सिलिंडर मौजूद थे। उन्होंने टैंकर के सभी गैस वाल्व बंद करने की कार्रवाई की और करीब 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद रिसाव बंद कराने में सफलता मिली।