फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bijnor News: रेलवे क्रॉसिंग पर सीएनजी सिलिंडरों से भरे टैंकर में गैस रिसाव, दो ट्रेनें प्रभावित

विज्ञापन
विज्ञापन
- उपासना एक्सप्रेस एक घंटे और हिमगिरी एक्सप्रेस 35 मिनट रुकी रही
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। दिवाली की रात नगीना में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कोतवाली मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक पर सीएनजी गैस से भरे टैंकर में अचानक तेज रिसाव शुरू होने से अफरा-तफरी मच गई। गैस का रिसाव होता देख चालक ने टैंकर से उतरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। वहीं रेलवे और पुलिस प्रशासन ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए ट्रेनों का संचालन रुकवा दिया तथा सड़क यातायात को बंद कराकर मार्ग परिवर्तन कर दिया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले घटनाक्रम के बाद आरवीएस फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक कपिल चौहान की सूझबूझ से टैंकर के वाल्व बंद कर गैस रिसाव पर काबू पाया जा सका।
रामपुर से सीएनजी गैस लेकर एक टैंकर नगीना स्थित ईवीएस पेट्रोल पंप पर गैस की आपूर्ति करने आ रहा था। शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि करीब सवा बजे जैसे ही टैंकर नगीना के रेलवे फाटक पर पहुंचा, उस दौरान ट्रेन के आवागमन के कारण फाटक बंद था। इसी बीच अचानक तेज आवाज के साथ टैंकर से सीएनजी गैस का रिसाव शुरू हो गया। टैंकर में करीब 60 गैस सिलिंडर भरे होने के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई।
विज्ञापन

गैस का तेज रिसाव देखकर टैंकर चालक मनोज कुमार तत्काल वाहन से उतरकर सुरक्षित दूरी पर चला गया। रेलवे गेटमैन ने टैंकर से गैस रिसाव होते देखा तो तत्काल स्टेशन मास्टर मारूफ अली को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन मास्टर ने अप और डाउन दोनों रेलवे लाइनों पर ट्रेनों का संचालन रुकवा दिया। सूचना मिलते ही नगीना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से फाटक के दोनों ओर यातायात बंद कराकर वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया।
सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान आरवीएस फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक कपिल चौहान ने गैस सिलिंडरों के वाल्वों को बंद करने में सफलता प्राप्त की। हालांकि, इस दौरान एक घंटे से अधिक समय तक फाटक पर गैस का रिसाव होता रहा।
रिसाव बंद होने के बाद रात करीब तीन बजे टैंकर को रेलवे फाटक से हटाया गया। इसके बाद सड़क यातायात और रेल संचालन सुचारु हो सका। प्रारंभिक तौर पर टैंकर की पाइपलाइन फटने से गैस रिसाव होने की संभावना है। टैंकर एचपीसीएल के अंतर्गत हिसार की एक कंपनी का था और गैस आपूर्ति के लिए नगीना आ रहा था। घटना के बाद टैंकर को वापस कंपनी ले जाया गया।
वर्जन
रेलवे गेटमैन से टैंकर में गैस रिसाव की सूचना मिलते ही तत्काल उच्च सतर्कता बरती गई। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अप और डाउन दोनों रेलवे लाइनों पर ट्रेनों का संचालन रुकवा दिया गया। उपासना एक्सप्रेस को बुंदकी में करीब एक घंटे तथा हिमगिरी एक्सप्रेस को पुरैनी में लगभग 35 मिनट तक रोका गया। गैस रिसाव बंद होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही ट्रेनों का संचालन शुरू कराया गया। - मारूफ अली, स्टेशन मास्टर, नगीना
विज्ञापन

मुझे रात करीब 2:25 बजे टैंकर से गैस रिसाव होने की सूचना पुलिस द्वारा मिली थी। सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे। टैंकर में करीब 60 गैस सिलिंडर मौजूद थे। उन्होंने टैंकर के सभी गैस वाल्व बंद करने की कार्रवाई की और करीब 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद रिसाव बंद कराने में सफलता मिली। - कपिल चौहान, प्रबंधक, आरवीएस फिलिंग स्टेशन, नगीना
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें