वेद मंत्रों के साथ गंगा की बच्ची का नाम खुशी रखा गया
कालागढ़ (बिजनौर)। कालागढ़ की हाथीशाला में हथिनी की बच्चे का नामकरण संस्कार वेद मंत्रों के साथ किया गया। शुभ मुहूर्त में 21 दिन की बच्ची का नाम खुशी रखा।
शनिवार को कालागढ़ स्थित कार्बेट टाइगर रिजर्व की हाथीशाला में 23 अप्रैल को पैदा हुई मादा हाथी का नामकरण संस्कार किया गया। इस अवसर पर पंडित विनोद ध्यानि ने वेद मंत्रों के साथ पूजा पाठ किया। धार्मिक विधि विधान से गंगा हथिनी की बच्ची का नाम कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक नरेश कुमार एवं कालागढ़ की केंद्रीय कालोनी निवासी बुजुर्ग महमूद अहमद ने खुशी रखा। हर्षोल्लास के साथ सभी ने एक दूसरे को बधाई दी। पूजा के बाद खुशी की माता का तिलक किया गया। इस अवसर पर कॉर्बेट नेशनल पार्क के निदेशक नरेश कुमार ने कहा कि यहां जानवरों को भी इंसानों जितना ही प्यार मिलता है। यहां सभी उनके साथ परिवार के सदस्यों की तरह खड़े हैं।
इस अवसर पर कालागढ़ टाइगर रिजर्व के डीएफओ प्रकाश राम, थानाध्यक्ष उमेश कुमार, वन क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार भट्ट, सोना नदी के वन क्षेत्राधिकारी विकास रावत, हाथीशाला प्रभारी शाहदाब आलम, इंद्रमोहन ध्यानी, ललित मोहन चौधरी, सूबेदार अली, महावत सुभाष व गणमान्य नागरिक योगेश कुमार सैनी, शंकर सिघल, अमन गुप्ता, विनीत विश्नोई आदि मौजूद रहे।
शर्मीला स्वभाव मिला है खुशी को
कालागढ़ के वन क्षेत्राधिकारी आरके भट्ट ने कहा कि खुशी बहुत ही शर्मीली है। वह लोगों को देखकर अपनी मां गंगा के पैरों के नीचे छिप गई। गंगा उसे सभी की निगाह से बचाकर रखती रही।
कालागढ़ की हाथीशाला में सातवां सदस्य बनी खुशी
कालागढ़ की हाथीशाला में अब सात हाथी हो गए हैं। गंगा से पूर्व यहां कंचम्भा ने सावन को जन्म दिया था। सात सदस्यों का यह परिवार हाथीशाला में खुशी से विचरण करता है। इनकी देखरेख में कार्बेट टाइगर रिजर्व के अधिकारी व महावत लगे हैं।
खुशी के साथ मौजूद अधिकारी।- फोटो : DHAMPUR
पूजा के बाद हथिनी को तिलक करते कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक नरेश कुमार।- फोटो : DHAMPUR