नांगलसोती/नजीबाबाद। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश होने के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने से गंगा ने गौसपुर गांव की ओर तेजी से कटान शुरू कर दिया है। गांव की ओर कटान होता देखकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कटान के दौरान किसानों की कई बीघा जमीन गंगा नदी में समा चुकी है।
पिछले एक माह से गंगा नदी द्वारा नांगलसोती के गांव गौसपुर में आबादी की ओर 20 मीटर तक कटान कर चुकी है, जिस कारण किसानों की कई बीघा भूमि गंगा में समा चुकी है। प्रशासन द्वारा भूकटाव रोकने के लिए बनाए गए अस्थायी स्टड गांव के लिए बेमतलब साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक माह से गांव में लगातार कटान हो रहा है, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन ने कटान क्षेत्र में अस्थायी स्टड कम संख्या में बनाए और वो भी अधूरे, जिस कारण गांव की ओर लगातार कटान हो रहा है। रविवार को पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में हुई बारिश से गौसपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ा। इस दौरान गंगा ने गांव की ओर दो से तीन मीटर तक कटान कर दिया। भूकटाव से किसान परमा सिंह, राम सिंह, कुंदन सिंह, पूर्व प्रधान राजेश सिंह, गैंदा, खिलेंद्र सिंह, भीष्म सिंह, रोशन सिंह, सतपाल सिंह की फसल गंगा में समा गई।