धामपुर। नगर के प्राचीन मंदिर कालियानाथ परिसर में स्थित एक अन्य मंदिर से मां शेरोवाली की मूर्ति को खंडित करने के आरोपी का तीन दिन के बाद भी कोई सुराग नहीं लगने पर विहिप कार्यकर्ता रविवार को एसपी पूर्वी अनित कुमार के कार्यालय में उनसे मिले। इस दौरान कार्यकर्ताओं और अधिकारियों की नोकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी खंडित मूर्ति को कंधे पर रख ले जा रहा है और पुलिस उसे मानसिक रोगी बता पल्ला झाड़ने का प्रयास कर रही है। चेताया कि यदि जल्द ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चालान नहीं किया तो 20 जुलाई से आंदोलन शुरू होगा।
रविवार को विहिप के जिलाध्यक्ष अनिल के गोयल के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसपी पूर्वी अनित कुमार के कार्यालय में जाकर उनसे मिले। कहा कि तीन दिन बीत गए हैं लेकिन पुलिस की ओर से मंदिर कालियावाला से मां शेरोवाली की मूर्ति को खंडित करने के आरोपियों का पता नहीं लगाया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे एक व्यक्ति को मानसिक रोगी बता मामले से पीछा छुड़ाने का प्रयास कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
कार्यकर्ताओं ने एसपी पूर्वी से घटना की सही जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। चेताया है कि यदि दो दिन में घटना का पर्दाफाश नहीं होता है तो 20 जुलाई से मंदिर कालियावाला में हनुमान चालीसा के अखंड पाठ के साथ आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। एसपी पूर्वी ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिया है कि पुलिस दोषी को ही गिरफ्तार कर कार्रवाई करेगी। कोतवाल जीत सिंह को आरोपी को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। एसपी पूर्वी से मिलने वालों में विहिप के जिलाध्यक्ष अनिल के गोयल, नितिन कुमार अग्रवाल, अरुण प्रताप चौधरी, नवीन चौधरी, राजू रस्तोगी, सत्यम रस्तोगी आदि रहे। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार की रात असामाजिक तत्वों ने मां शेरोवाली के मंदिर से मूर्ति को खंडित कर अवशेष भाग को नगीना चौक पर फेंक दिया था। तभी से हिंदूवादी संगठनों के लोगों में आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई कराने की मांग को लेकर उबाल है।