बिजनौर। गंगा स्नान को लेकर यातायात पुलिस ने बिजनौर-चांदपुर मार्ग पर रूट डायवर्जन कर दिया है। दो नवंबर से गंगा स्नान के समाप्त होने तक इस रूट पर भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। ताकि, दारानगर गंज गंगा स्नान करने जाने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।
बिजनौर से चांदपुर की ओर जाने वाले ट्रक, रोडवेज बस, डीसीएम सहित अन्य सभी भारी वाहन कृष्णा तिराहे से बिजनौर नूरपुर रोड, अम्हेड़ा तिराहा से होते हुए चांदपुर जाएंगे। चांदपुर से बिजनौर आने वाले भारी वाहन चांदपुर में शुगर मिल तिराहा से अम्हेड़ा होते हुए बिजनौर पहुंचेंगे।
इसके अलावा बिजनौर से मंडावर, बालावाली, लक्सर मार्ग पर चार नवंबर की शाम छह बजे से पांच नवंबर को गंगा स्नान समाप्त होने तक ट्रक, डंपर, डीसीएम सहित सभी भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। वहीं, बिजनौर से गंगा बैराज मार्ग पर भी चार नवंबर को शाम छह बजे से पांच नवंबर तक भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध है।