बिजनौर। गंगा एक्सप्रेसवे बिजनौर के 117 गांव से होकर गुजरेगा। यूपीडा गांवों की सूची जारी कर दी है। यूपीडा और उत्तराखंड सरकार पहले ही गंगा एक्सप्रेसवे के एलाइमेंट पर मुहर लगा चुकी है। वहीं बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के दौरान एक्सप्रेसवे का विस्तारीकरण हरिद्वार तक करने की बात कहकर बिजनौरवासियों की उम्मीदें परवान चढ़ा दीं।
गंगा एक्सप्रेसवे बिजनौर, अमरोहा के 179 गांवों से होकर गुजरेगा। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गंगा एक्सप्रेसवे की 146.240 किलोमीटर लंबाई बढ़ाई जा रही है। इसमें अमरोहा के 62, बिजनौर के 117, हरिद्वार के 25 गांव चिह्नित किए गए हैं। बिजनौर की बात करें तो बिजनौर, नजीबाबाद, चांदपुर तहसील के गांव गंगा एक्सप्रेसवे में आएंगे। इसमें बिजनौर तहसील के सर्वाधिक 60, चांदपुर के 35 और नजीबाबाद के 22 गांवों की सूची यूपीडा ने जारी की है, जहां से गंगा एक्सप्रेस निकालने की तैयारी है। इसको लेकर अब तैयारी तेज हो गई है। गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर चांदपुर और मंडावर क्षेत्र में सर्वे भी किया जा रहा है। यूपीडा ने एसए इंफ्रास्ट्रक्चर कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड को डीपीआर प्रस्तुत करने के लिए अधिकृत किया है।