बिजनौर। दूर हो रहे गंगा एक्सप्रेस-वे को जनपद से होकर बनाने का मुद्दा तूल पकड़ रही है। सोशल मीडिया पर चल रही मुहिम के साथ ही रविवार को जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री कपिलदेव अग्रवाल के समक्ष भी यह मुद्दा उठाया।
इस पर प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री के समक्ष यह मामला उठाने का आश्वासन दिया है। प्रयागराज से हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण होना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नजीबाबाद में एक जनसभा में इस एक्सप्रेस-वे को बिजनौर होकर बनवाने की बात कही थी लेकिन अब इसे जिले से दूर किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेस-वे अब मुजफ्फरनगर से होकर गुजरेगा। जनपद से दूर हो रहे एक्सप्रेस-वे को वापस लाने के लिए सोशल मीडिया पर जोरदार मुहिम चल रही है। सोशल मीडिया पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि मुजफ्फरनगर के मंत्री ने अपने प्रभाव से गंगा एक्सप्रेस-वे को अपने जिले से प्रस्तावित करा लिया।
बिजनौर जिले के नेताओं पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। भाकियू अराजनैतिक ने जनजागरुकता अभियान चला रखा है।
रविवार को भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी मौसम, डाॅ. बीरबल सिंह, ब्लॉक प्रमुख नजीबाबाद तपराज ने प्रभारी मंत्री कपिलदेव अग्रवाल को इस संबंध में मांगपत्र सौंपा। उन्होंने गंगा एक्सप्रेस-वे को जिले से ही बनवाने की मांग की।