नजीबाबाद/अफजलगढ़/नगीन/ धामपुर। कांवड़ मेले में रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ा। मोटा महादेव मंदिर पर बड़ी संख्या में कांवड़िये पहुंचे और घंटों लाइन में लगने के बाद भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
हरिद्वार से कांवड़ लाने का सिलसिला जारी है। शिवभक्तों के लिए हरिद्वार से कांवड़ उठाने के बाद मोटा महादेव मंदिर पर पहला पड़ाव पड़ता है। यहां जलाभिषेक करने के बाद ही शिवभक्त अपनी मंजिल को बढ़ते हैं। पंडित शशिनाथ ने बताया कि मंदिर परिसर से सड़क तक शिवभक्तों की लंबी लाइन लगी रही।
उधर, अफजलगढ़ में मार्गो पर हरिद्वार से कांवड़ में जल भरकर लाने वाले दूरदराज सहित स्थानीय शिवभक्तों की भारी भीड़ सड़कों पर दिखाई दे रही है। दूरदराज के शिवभक्त अपने-अपने गंतव्यों के करीब पहुंच चुके हैं काशीपुर महाकाल संघ के करीब 40 शिवभक्त मनमोहक कांवड़ के साथ हरिद्वार से जलभरकर ला रहे हैं। वह 16 को काशीपुर से हरिद्वार के लिए रवाना हुए हरिद्वार से 17 की रात कांवड़ में जल भरकर काशीपुर के लिए चले।
उधर, नगीना में पुलिस की ओर से कांवड़ियों का जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है। सीओ भरत कुमार, थाना अध्यक्ष तेजपाल सिंह ने पुलिस कर्मियों के साथ कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें फलों का वितरण किया। उधर हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे शिव भक्तों के उद्घोष से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया है।
उधर, धामपुर में हरिद्वार से गंगाजल भरकर शिवभक्त अपने गंतव्यों को रवाना हो रहे हैं। धामपुर से गुजरने वाला फोरलेन हाईवे शिवभक्तों से गुलजार हैं। शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, बरेली, काशीपुर, जसपुर आदि इलाकों के शिवभक्त बम भोले के जयघोष के साथ आगे बढ़ रहे है। कांवड़ियों की सुविधा के लिए हाईवे की एक लेन सुरक्षित रखी गई है। बड़े वाहनों को रूट डायवर्जन के मुताबिक निकाला जा रहा है। उधर, धामपुर के आसपास इलाकों के शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए अपने वाहनों से रवाना होना शुरू हो गए है।
मंडावली-मोटा महादेव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए लाइन में खड़े कांवड़िए। (संवाद)
मंडावली-मोटा महादेव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए लाइन में खड़े कांवड़िए। (संवाद)
मंडावली-मोटा महादेव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए लाइन में खड़े कांवड़िए। (संवाद)