बिजनौर जिले के हल्दौर में पैजनियां में एक व्यक्ति के निजी आवास पर सामूहिक नमाज अदा करने से दूसरे समुदाय के लोगों में रोष है। इस मामले में दूसरे समुदाय के लोग सीओ चांदपुर से मुलाकात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।
पैजनियां में मुस्लिम समाज के लोग मस्जिद न होने पर नमाज पढ़ने के लिए जुमे के दिन पास के गांव की मस्जिदों में जाते हैं। ग्रामीण रोज पढ़ने वाली नमाज को अपने घरों में पर अदा करते हैं। बशेश्वर दयाल, विनोद त्यागी, सुधांशु त्यागी, किशन सिंह आदि का कहना है कि करीब एक वर्ष पूर्व गांव के मुस्लिम समाज के एक व्यक्ति की निजी जमीन में मस्जिदनुमा भवन बनाने व वहां नमाज पढ़ने को लेकर तनाव पैदा हो गया था। शिकायत करने पर प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस ने उक्त स्थान पर मस्जिद का निर्माण नहीं करने की चेतावनी देकर मामला शांत कर दिया था।
शनिवार को सीओ चांदपुर बांकेलाल आर्य को दिए शिकायती पत्र कहा कि उक्त स्थान पर मुस्लिम समाज लोग पुन: सामूहिक रूप से प्रतिदिन व जुमे पर नमाज अदा कर रहे हैं। इससे गांव में शांतिभंग होने व माहौल बिगड़ने की आशंका है। इस पर पाबंदी लगाए जाने की मांग की है। गांव में इस मामले को लेकर तनाव व्याप्त है। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद शर्मा का कहना है कि गांव में जाकर स्वयं मामले की जांच करेंगे। कोई नई परंपरा शुरू नहीं हो सकती है।