बिजनौर जिले के धामपुर में छात्राओं के साथ छेड़खानी के मामले में छात्रों के दो गुटों में संघर्ष हो गया । दोनों में जमकर मारपीट हुई। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना के बारे में अवगत करा दिया है। पुलिस का कहना है कि स्कूल और कॉलेजों में अवकाश के दौरान मार्ग पर गश्त तेज होगी।
शनिवार को दोपहर करीब एक बजे गांव सरकथलमाधो के पास छात्राओं के साथ छेड़खानी को लेकर छात्रों के गुटों में संघर्ष हो गया। छात्रों के बीच जमकर लात घुसे चले। छात्रों के बीच मारपीट से अफरातफरी का आलम हो गया। आसपास के लोगों ने दहशत के मारे घरों में कैद हो गए। छात्रों के दोनों गुट धामपुर थाने के निवासी हैं। क्षेत्रवासियों के मुताबिक पिछले कुछ समय से छात्राओं से स्कूल कालेजों में जाना दूभर हो रहा है। चार दिन पहले भी गांव खदाना के पास छात्रों के दो गुटों में मारपीट हुई थी। अनुमान है कि इन गुटों में वहीं छात्र शामिल हो सकते हैं। आरोप है कि पुलिस से कई बार नूरपुर मार्ग पर छात्राओं के साथ होने वाली छेड़खानी पर रोक लगाने को गश्त में तेजी लाने की मांग की गई। इसके बावजूद पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। ग्रामीणों ने कहा कि छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक नहीं लगाने की स्थिति में पुलिस प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कॉलेजों के आसपास पुलिस गश्त तेज की जाएगी। साथ ही मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। शनिवार को छात्रों के गुटों के बीच हुए मारपीट मामले की जांच कर कदम उठाया जाएगा।