नगीना/चांदपुर में एचटी लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिरने से हुए शॉर्ट सर्किट से फर्नीचर के शोरूम में आग लग गई। आग में लाखों का सामान जल गया। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने नगीना विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही बरतने की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं चांदपुर में भी पांच खोखो में आग लगने से हजारों रुपये का माल जल गया।
नगीना के मोहल्ला कलालान निवासी मुजम्मल अली जैदी व जुनैद अली जैदी पुत्रगण मुदस्सर अली का नगीना बढ़ापुर मार्ग पर क्वालिटी फर्नीचर हाउस के नाम से शोरूम है। बृहस्पतिवार तड़के करीब 4 बजे बिजली आने पर शोरूम के सामने से गुजर रही एचटी लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया।
एलटी लाइन में एचटी लाइन का करंट दौड़ने से आसपास के घरों में शॉर्ट सर्किट से विद्युत उपकरण फूंक गए। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियों से मुजम्मल अली के फर्नीचर शोरूम में आग लग गई। शोरूम के चौकीदार नत्थू सिंह ने शोरूम से धुआं उठता देख शोरूम मालिक को जानकारी दी।
फर्नीचर मालिक मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटा कोशिश कर आग पर काबू पाया। पीड़ित ने व्यापारी विकास मल्हौत्रा, नवीन माहेश्वरी, दीपक अग्रवाल, राजेश अग्रवाल के साथ थाने पहुंचे और विद्युत निगम के खिलाफ लापरवाही से हादसा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में 70 डबल बेड, 80 सौफे, 75 ड्रेसिंग टेबल, 100 गद्दे, 40 बक्से, 40 अलमारियां के अतिरिक्त काफी संख्या में अन्य सामान जलने के बारे में बताया गया है। क्षेत्रीय विधायक मनोज पारस व पालिकाध्यक्ष शेख खलीलुर्रहमान अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को सहायता करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही तहसीलदार नगीना परमानंद झा को तत्काल मौके पर बुलाया और घटना के प्रपत्र तैयार कर शासन को भेजने की बात कही।
वेल्डिंग सिलेंडर फटा
चांदपुर में अंबेडकर चौक पर तड़के चार बजे शॉर्ट सर्किट होने से यूसुफ के बैटरी, शमशुर कमर व नूर कमर के बाइक रिपेयरिंग, हमीद व अशरफ के खोखो में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से यूसुफ की दुकान में रखा गैस वेल्डिंग सिलेंडर भी तेज आवाज के साथ फट गया। आग से हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया।