कादराबाद। इस्लामनगर व मीरापुर पंचायत के गांवों में गुलदार का आतंक है। ग्रामीण दहशत में हैं। अब किसान व श्रमिक गन्ना छीलने व पशुओं के लिए चारा लेने के लिए खेतों पर जाते हुए भी घबरा रहे हैं। यहां तक गांवों में मकानों की छत पर भी गुलदार देखा गया है।
विज्ञापन
गांव मुरलीवाला, भिक्कावाला व मीरापुर जामुनवाला गांव के क्षेत्र में प्रतिदिन गुलदार दिखाई दे रहा है। ग्रामीण बलराम राठी, विजय यादव, धर्मेंद्र रावत, सुरेंद्र, रेणु, विनोद, विशंभर, विनोद काला आदि का कहना है दिन छिपते ही गुलदार बस्ती के आसपास, कभी पुलिया पर तो कभी खेतों में काम करते किसानों के सामने से दौड़ता दिखाई दे रहा है। ग्राम मुरलीवाला निवासी बलराम राठी के खेतों में भी गुलदार नजर आया। भिक्कावाला पंचायत घर व बस्ती के आसपास भी गुलदार देखा गया। धर्मेंद्र का कहना है कि करीब एक सप्ताह पूर्व उनके घर की छत पर गुलदार काफी समय तक बैठा रहा। करीब सात माह पूर्व गुलदार ने इसी गांव के पास एक किसान को मार डाला था। गांव मुरलीवाला में करीब एक माह पूर्व गुलदार पिंजरे में कैद हुआ था। वन दरोगा सुनील राजोरा का कहना है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है।