बिजनौर, नहटौर। पेंसिल पैकिंग के काम का झांसा देकर एक महिला ने समूह की महिलाओं के खाते खुलवाकर 50 लाख की रकम फर्जीवाड़ा कर निकाल ली। समूह से महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर स्थानीय पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ली है। बल्लाशेरपुर निवासी गुड्डी पत्नी दुष्यंत ने बताया कि नजीबाबाद क्षेत्र के रम्पुरा निवासी शमा पत्नी सुहैल उनके गांव में आई। उसने उन्हें घर बैठे पेंसिल पैकिंग का काम कर आमदनी बढ़ाने की बात बताई। निर्धन परिवार से होने के कारण आमदनी बढ़ाने के चक्कर में वे उसके झांसे में आ गई। शमा के कहने पर उन्होंने गांव की ग्यारह महिलाओं को जोड़कर समूह बना लिया। शमा ने राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता खुलवाने के नाम पर उनसे आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पेन कार्ड आदि दस्तावेज ले लिए।
जिसके बाद धामपुर स्थित कैनरा बैंक की शाखा में उनका खाते खुलवा दिए लेकिन चालाकी से खाते में अपने मोबाइल नंबर डलवा लिए। कुछ दिन के बाद जब वे बैंक में गईं तो पता लगा कि उनके अलग-अलग खातों में पचास लाख रुपये आए थे। जिन्हें पहले ही किसी अंजान व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर निकाल लिया। कोतवाल धीरज सोलंकी ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।