बिजनौर। सराफ के घर और दुकान में चोरी करने वाले घर जमाई को पुलिस ने उसके तीन अन्य साथियों समेत गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से करीब चार करोड़ रुपये का सोना चांदी बरामद हुआ है जबकि प्राथमिकी में करीब दो करोड़ का माल चोरी होने का आरोप लगाया गया था।
एएसपी देहात प्रकाश कुमार ने शनिवार को बताया कि नहटौर के मोहल्ला डाकखाना जनूबी निवासी सराफा व्यापारी संतोष कुमार वर्मा ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
कहा था कि उनकी इकलौती मूक-बधिर पुत्री स्वाति का विवाह 8 अक्तूबर 2024 को हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव कुम्हारपुरा निवासी नवीन कुमार के साथ आर्य समाज रीति से हुआ। विवाह के बाद नवीन को घर जमाई के रूप में उनके पास ही रख लिया। नवीन ग्राहकों से उधार की रकम वसूलकर अपने पास रख लेता था। मामले में केस भी दर्ज कराया। करीब एक सप्ताह पूर्व आरोपी ने आकर माफी मांगी, जिस पर भावना में बहकर उसे पुनः घर में रख लिया गया।
अब बुधवार की रात आरोपी ने भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश कर दिया और करीब 400 ग्राम पुश्तैनी सोना, दुकान का लगभग 500 ग्राम सोना, करीब 40 किलो चांदी तथा एक लाख रुपये नकद गायब मिले। चोरी गए माल की अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये बताई गई।
अब पुलिस ने नवीन चौहान, उसके भाई कुनाल निवासी गांव कुम्हारपुरा, दोस्त शिवम चौहान निवासी कुम्हारपुरा, सराफ शिवम सैनी निवासी गांव पुरैना नूरपुर को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से 2.173 ग्राम सोना और साढ़े 23 किलो चांदी, दो लाख अस्सी हजार रुपये नकद, एक सोने का बिस्कुट, एक सिक्का और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मूकबधिर युवती से शादी के वक्त ससुरालियों ने पूरी संपत्ति उसे ही देने का वादा किया था, मगर अब ससुर उक्त संपत्ति अपने भतीजे और रिश्तेदारों के नाम करना चाहते थे।
अचल संपत्ति नहीं मिलती देख नवीन चौहान ने अपने भाई कुनाल और दोस्त शिवम चौहान के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। चोरी करने के बाद चांदी के आभूषण सराफ शिवम सैनी को बेच दिए थे। चोरी की 23 किलो चांदी महज 23 लाख रुपये में ही बेच दी थी। चोरी का माल खरीदने वाले शिवम सैनी को भी पुलिस ने पकड़ा है।