बिजनौर। होली विशेष प्रोत्साहन योजना शनिवार से शुरू हो गई है। योजना के पहले दिन बिजनौर डिपो से अलग-अलग रूटों पर रोडवेज बसों के 134 फेरे बढ़ाए गए। यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर बसों के फेरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। बिजनौर डिपो से अलग-अलग रूटों पर करीब 150 बसों का संचालन किया जा रहा है। होली पर यात्रियों को सफर में कोई परेशानी न हो। इसके लिए रोडवेज बसों के फेरे बढ़ाए जा रहे हैं। बिजनौर डिपो से शनिवार को स्थानीय रूटों पर 84, दिल्ली रूट पर 40, मुरादाबाद रूटों पर 10 फेरे बढ़ाए गए हैं। इसके अलावा सभी बसों को ऑनरूट किया गया है ताकि, भीड़ बढ़ने पर यात्रियों को रोडवेज बसों में परेशानी न हो। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि सभी बसों को ऑन रूट किया गया है। चालक, परिचालकों को होली विशेष प्रोत्साहन योजना के बारे में बताया गया है। शनिवार को अलग-अलग रूटों पर रोडवेज बसों के 134 फेरे बढ़ाए गए हैं।