मंडावर। फर्जी दस्तावेज तैयार जमीन बेचने का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मंडावर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी बिजनौर से बाहर रहने वाले लोगों की जमीन के फर्जी कागज तैयार करके बेच देते थे।
हरियाणा करनाल के हनुमान मंदिर घरौंडा निवासी मंजू पत्नी प्रताप सिंह ने 26 जुलाई और प्रताप सिंह पुत्र महावीर सिंह ने मंडावर थाने में तहरीर दी थी। पीड़ितों ने कहा कि मोहद्दीपुर निवासी आरिफ सहित अन्य छह लोगों ने उनके साथ फर्जीवाड़ा किया है। खादर क्षेत्र में मौजा गोवर्धन में गाटा संख्या 64/65/66/67/83/ तथा 230 में 1.0265 भूमि फर्जी कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बेच दी। पुलिस ने आरिफ सहित छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पुष्पेंद्र और बाबूराम निवासी माचकी का नाम भी सामने आया। पुलिस ने शनिवार को राजवीर, अशोक निवासी मोहडिया, पुष्पेंद्र और बाबूराम को गिरफ्तार किया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनकी जान पहचान मंडावर में जनसेवा केंद्र चलाने वाले आदित्य निवासी भोजपुर और उसके साथी आरिफ निवासी मोहद्दीपुर से हुई थी। यह गिरोह मंडावर में खादर क्षेत्र में ऐसी जमीनों को चिह्नित करते थे, जिसके मालिक बिजनौर से बाहर रहते थे। गरीब लोगों के आधार कार्ड, पैन कार्ड पर फर्जी पता अंकित कराकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उस जमीन को बेच देते थे। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां उसे उन्हें पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश में टीम जुटी हुई है।