कोरोना के मृतकों का अंतिम संस्कार कराएंगे पूर्व विधायक
धामपुर। कोरोना महामारी के चलते अपने अपनों से दूर हो रहे हैं। यदि किसी की कोरोना संक्रमण से मौत हो जाती है तो उसे परिजन भी कंधा नहीं दे रहे हैं। ऐसे में बढ़ापुर विधानसभा के पूर्व विधायक मोहम्मद गाजी ने कहा कि उन्होंने एक टीम का गठन किया है। यह टीम कोरोना से मरने वाले लोगों का मृतक के धर्म के अनुसार ही अंतिम संस्कार कराएगी। इसके लिए पूर्व विधायक ने फोन नंबर भी जारी किया है। वह ऐसे दो शवों का अंतिम संस्कार करा चुके हैं।
मोहम्मद गाजी ने बताया कि कोरोना काल में वह और उनकी टीम जरूरतमंदों की सेवा में जुटी है। पिछले दिनों जब जिले में ऑक्सीजन का टोटा था तो सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में उन्होंने ऑक्सीजन उपलब्ध कराई। इस दौरान कई ऐसे मरीज मिले जिनको डाक्टरों ने लाइलाज कर घर वापस कर दिया था। उन्होंने उनका भी उपचार कराया जो अब स्वस्थ है। इस मौके पर उनके द्वारा लोगों को तुलसी के गमलों में लगी पौधों को उपलब्ध कराया गया और लोगों को सुझाव दिया गया कि वे तुलसी के आठ से दस पत्तों को तोड़ कर गरम पानी, दूध या फिर चाय में उबालकर पिएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी की कोरोना से मौत होती है और परिजन उसका अंतिम संस्कार नहीं कर रहे हैं तो उनके फोन नंबर 9415607302 पर जानकारी दें। उनकी टीम उस व्यक्ति का अंतिम संस्कार कराएगी।