वन्यजीवों के शिकार पर रहेगी वन विभाग की नजर
बिजनौर। होली के मौके पर नदियों में मछलियों के अवैध शिकार पर वन विभाग की नजर रहेगी। वन विभाग की टीम नदियों के पास तैनात रहेगी। गंगा नदी में नजर रखने के लिए एक बोट भी मंगाई जा रही है।
होली पर शराब एवं मांस की बहुत मांग रहती है। अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस सख्त है। शिकारी नदियों से मछली एवं कछुए पकड़कर बेचते हैं। नदियों से बड़े पैमाने पर जलीय जीवों का शिकार किया जाता है। इसे रोकने के लिए वन विभाग ने इस बार कड़े कदम उठाने का निर्णय लिया है। होली पर विभाग का स्टाफ नदियों के किनारे तैनात रहेगा। देखा जाएगा कि कहीं कोई शिकारी मछली तो नहीं पकड़ रहा है। पहली बार गंगा नदी में निगरानी करने के लिए मोटरबोट मंगवाई जा रही है। रावली से लेकर जिले की सीमा में गंगा नदी पर इससे निगरानी की जाएगी। डीएफओ डा.एम सेम्मारन ने बताया कि शिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।