ग्रामीणों ने गुलदार को पीट-पीटकर मार डाला
शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव शहजादपुर में गुलदार ने बकरी चरा रहे दो भाइयों पर हमलाकर उन्हें घायल कर दिया था। घटना की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने गुलदार को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। ग्रामीणों ने जिस समय गुलदार को खेत में घेर रखा था, उस समय भी उसने एक ग्रामीण को हमलाकर घायल कर दिया।
हरेवली क्षेत्र के गांव शाहजादपुर के ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को दो सगे भाई 45 वर्षीय अफजाल और 35 वर्षीय अहसान गांव के डिग्री कॉलेज के निकट कब्रिस्तान में बकरी चरा रहे थे। इस दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने बकरी पर हमला कर उसे उठाने का प्रयास किया। दोनों ने बकरी को बचाने के लिए गुलदार को भगाने का प्रयास किया। गुलदार ने बकरी को छोड़ दोनों भाइयों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमले में जख्मी बकरी की मौके पर मौत हो गई। दोनों भाइयों के शोर को सुन आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने गुलदार को चारों तरफ से खेतों में घेर लिया।