बिजनौर से हरी झंडी दिखाकर गुड़ के ट्रक को सऊदी अरब के लिए रवाना करते सीडीओ केपी सिंह।
- फोटो : BIJNOR
विदेशियों को भाने लगी बिजनौर के गुड़ की मिठास
बिजनौर। जिले के गुड़ की मिठास विदेशियों को भाने लगी हैं। गुड़ की पहली खेप सऊदी अरब भेजी गई है। निर्यात किए गए गुड़ से भरे कंटेनर को सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गुड़ का निर्यात उत्पादक ही नहीं बल्कि किसानों के लिए लाभकारी रहेगा।
जिला कृषि क्षेत्र में एक जिला एक उत्पाद में चयनित है। जिले में बड़े पैमाने पर गुड़ का उत्पादन होता है। यहां से गुड़ दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, बिहार आदि राज्यों को सप्लाई होता है। जिले के गुड़ को विदेशी सैलानियों व व्यापारियों ने खूब पसंद किया है। अब विदेशों से भी गुड़ की मांग होने लगी है। इसके लिए जिले के गुड़ उत्पादकों ने विदेशों में गुड़ का व्यापार शुरू किया है।
मंडावर की एक गुड़ उत्पादन संस्था नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहीत है। संस्था ने गुड़ का विदेशों में व्यापार शुरू किया है। सीडीओ केपी सिंह ने संस्था के 25.03 मीट्रिक टन गुड़ का कंटेनर खाड़ी देशों के लिए रवाना किया। सीडीओ ने कहा कि विदेशों से गुड़ व्यापार से गुड़ उत्पादकों को नई ऊर्जा मिलेगी। किसान की आय बढ़ेगी।
संस्था के निदेशक कासिम अख्तर ने बताया कि गुड़ पानी के जहाज से जाएगा तथा 30 अप्रैल तक गाड़ी देशों में पहुंचेगा। संस्था इससे पहले आम व सरसों के तेल का विदेशों से व्यापार शुरू किया है। जिला कृषि अधिकारी अवधेश मिश्रा, जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र सिंह, नमामि गंगे के परियोजना अधिकारी दलीप सिंह व किसान सुबोध कुमार, दीपेंद्र पाल, गौरव राजपूत रहे।