बिजनौर के स्योहारा में स्थित देवरा फार्म में खिले कैक्टस के फूल। स्रोत स्वयं
बिजनौर। स्योहारा में नूरपुर रोड स्थित देवरा फार्म में कैक्टस के फूल मनमोहक मुस्कान बिखेर रहे हैं। यहां पर करीब 75 प्रजातियों के कैक्टस हैं। इनमें से अधिकांश पर वसंत के मौसम में फूल खिल रहे हैं। कैक्टस के फूलों का यह मौसम कुछ ही दिनों के लिए होता है।
फार्म के संचालक अक्षत देवरा बताते हैं कि कैक्टस पर फूल मार्च से अप्रैल माह में खिलता है। इस मौसम में ही ज़्यादातर कैक्टस पर फूल आने की संभावना रहती है। वह बताते हैं कि कैक्टस प्रेमियों के लिए यह खास समय होता है। कैक्टस की ज़्यादातर प्रजातियों साल में एक बार ही फूल देती हैं। ये फूल बेहद आकर्षक और कई रंगों के होते हैं। उन्होंने बताया कि वह पॉलीनेशन (परागण) के माध्यम से कैक्टस के अगले साल के उत्पादन के लिए बीज तैयार करते हैं। इस बार बहुत अधिक संख्या में मधुमक्खियां (नेचुरल पोलिनेटर्स) आई हैं। एक्जोटिक (विदेशी) प्रजातियों में प्रजनन खुद करना पड़ता है जबकि स्थानीय प्रजातियों में नेचुरल पोलिनेटर्स बहुत अच्छा काम करती हैं। अक्षत देवरा बताते हैं कि जिस तरह पौधों में कलियां खिल रहीं हैं, उससे लगता है कि आगामी एक से दो सप्ताह में पूरा कैक्टस फार्म फूलों से खिल उठेगा।