पांच को कलक्ट्रेट सहित 15 बूथों पर होगा टीकाकरण
बिजनौर। जनपद में कोरोना योद्धा स्वास्थ्य कर्मियों को प्रतिरक्षित करने के बाद अब रेवेन्यू अधिकारियों और कर्मचारियों की बारी है। चार फरवरी को 23 स्थानों पर 29 बूथ पर लगभग 3437 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होगा। पांच फरवरी को 1565 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिरक्षित किया जाना है। प्रत्येक बूथ पर 125 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
शासन ने जनपद में सीरम इंस्टीट्यूट पुणे द्वारा निर्मित कोविशील्ड वैक्सीन भेजी है। जिले में 16 जनवरी से कोरोनारोधी टीकाकरण कराने की शुरुआत हो चुकी है। अब तक सीएमओ विजय यादव सहित जिले के स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण हो चुका है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी अशोक कुमार के अनुसार अब चार को फिर से 3437 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होगा। इसके बाद पांच को 14 स्थानों पर 15 बूथों पर कोरोना रोधी टीकाकरण लगेगा। कलक्ट्रेट और सभी तहसील मुख्यालयों सहित 15 बूथों पर लगभग 1565 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य रखा है।