पांच चीनी मिलें इसी माह से शुरू करेंगी पेराई
बिजनौर। जिले की पांच चीनी मिल इसी महीने पेराई शुरू कर देंगी। चार चीनी मिलों ने पेराई के लिए इंडेंट भी जारी कर दिया है। बाकी चीनी मिल भी इसी माह के अंत या नवंबर की शुरुआत में पेराई की तैयारी कर रही हैं। चीनी मिलों के संचालन से किसानों को राहत मिलेगी।
राज्य सरकार ने चीनी मिलों को हर हालत में अक्तूबर में पेराई शुरू करने के निर्देश दिए थे और मिलों ने इसके लिए तैयारी भी कर ली थी। अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से ही मिलों में बॉयलर पूजन होने शुरू हो गए थे। मिलों ने पेराई की संभावित तिथि भी दे दी थी, लेकिन तीन दिन हुई बारिश से सारी तैयारी धरी रह गई। आमतौर पर एक क्विंटल गन्ने से 11 से 13 किलो चीनी बनती है, लेकिन बारिश से रिकवरी को आठ प्रतिशत से भी नीचे पहुंचा दिया। रिकवरी को देखते हुए चीनी मिलों के नवंबर में चलने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन जिले की पांच चीनी मिल बुंदकी, अफजलगढ़, बरकातपुर, धामपुर व स्योहारा अक्तूबर में ही पेराई शुरू करने जा रही हैं। अफजलगढ़, बुंदकी, बररकातपुर और धामपुर मिल 29 अक्तूबर में पेराई शुरू कर देंगी। इन मिलों ने क्रय केंद्रों का 27 और 28 अक्तूबर का और गेट का 29 अक्तूबर का इंडेंट भी जारी कर दिया है। स्योहारा चीनी मिल 30 अक्तूबर को पेराई शुरू करेगी।
- कम रिकवरी के बाद भी पेराई
अफजलगढ़ चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक अजय ढाका के अनुसार रिकवरी अभी कम ही आ रही है, लेकिन किसानों की सुविधा के लिए मिल में पेराई शुरू कराई जा रही है। किसान भी सहयोग दें।
- जल्द शुरू होगी पेराई
डीसीओ यशपाल सिंह के अनुसार पांच चीनी मिल इसी महीने पेराई शुरू कर देंगी। बाकी चीनी मिलों की पेराई भी जल्दी शुरू होगी।
पेेराई सत्र 2021-22 का रकबा
चीनी मिल पैड़ी पौधा कुल रकबा
बिजनौर 3464 3926 7390
धामपुर 25022 25316 50338
स्योहारा 18311 15609 33920
नजीबाबाद 7874 8394 16298
बुंदकी 14344 17190 31534
चांदपुर 7183 7787 14970
बिलाई 14062 14965 29029
बरकातपुर 13550 14984 28535
बहादरपुर 14782 18032 32760
धनौरा 2430 2419 4849
खाईखेड़ी 250 226 476
कुल 121218 128849 250067
नोट: गन्ने का रकबा हेक्टेयर में है।