रविवार देर रात 11:45 पर हुआ सड़क हादसा,अन्य घायलों का निजी अस्पताल में हो रहा उपचार
मृतक महिला अमीषा की फरवरी माह 2026 में ही हुई थी शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर (बिजनौर)। थाना क्षेत्र के गांव जैतरा में चल रहे मेले को देख अपने घर वापस जा रहे एक परिवार के पांच सदस्यों को अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें 25 वर्षीय महिला अमीषा की मौत हो गई। जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत नाजुक बताई गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। घटना का आरोपी चालक ट्रक लेकर भाग गया।
थाना क्षेत्र के गांव जैतरा बड़ा शिव मंदिर निवासी नंदराम सिंह पाल ने बताया कि उनका पुत्र राहुल, राहुल की 25 वर्षीय पत्नी अमीषा, पुत्री नेहा, पूजा और उनकी पत्नी उर्मिला परिवार के सदस्यों के साथ रविवार देर रात गांव में चल रहे मेले को देखने के लिए गए थे। जब वह देर रात 11:45 पर मेला देख अपने घर वापस हो रहे थे । तब इस दौरान नूरपुर मार्ग मेले के निकट केनरा बैंक के पास अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से परिवार के सभी सदस्यों को टक्कर मार दी। जिसमें उनका पुत्र राहुल, पुत्री नेहा, पूजा, पत्नी उर्मिला और पुत्रवधू अमीषा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर पुत्रवधू अमीषा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गांव के लोगों ने बताया कि नंदराम पाल की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। नंदराम ने अपने पुत्र राहुल की शादी फरवरी 2026 में अमीषा के साथ की थी।
- ग्रामीणों ने प्रशासन से की आर्थिक मदद की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से नंदराम की आर्थिक मदद किए जाने की मांग की है। बताया नंदराम के परिवार में किसी का भी कोई आयुष्मान कार्ड भी नहीं है। जिससे वह परिवार के सदस्यों का सरकारी खर्चे पर उपचार कराया जा सके। ग्रामीणों ने मेले के ठेकेदार, आयोजकों और पंचायत की बगैर परमिशन के अनुमति देने वाले प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
- पंचायत की बगैर अनुमति कैसे लग रहा मेला
ग्राम प्रधान सुनीता चौहान का कहना है कि ग्राम पंचायत से मेला आयोजकों, ठेकेदार ने कोई परमिशन नहीं ली। मेला पंचायत की बगैर परमिशन के लग रहा है। उन्हें पहले से ही आशंका थी कि कहीं कोई हादसा न हो जाए। इसके लिए प्रशासन को भी अवगत कराया गया। लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
प्रशासन ने नहीं दिया ध्यान
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ स्वार्थी लोगों ने गैर जिम्मेदाराना तरीके से खेत की जमीन में मेला लगवा दिया । जहां पर मेला लगा है वहां कोई उचित व्यवस्था नहीं है। पार्किंग भी मेला स्थल से बाहर नूरपुर रोड पर सड़क किनारे बेतरतीव ढंग से हो रही है।
- केस दर्ज, जांच कर होगी कार्रवाई
सीओ अभय कुमार पांडेय का कहना है कि पुलिस की ओर से केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई होगी।