नवनिर्वाचित प्रधान और हारे प्रत्याशी के बीच फायरिंग
हल्दौर (बिजनौर)। गांव बल्दिया में नव निर्वाचित ग्राम प्रधान और हारे हुए प्रत्याशी के बीच चुनावी रंजिश को लेकर हुए विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान पथराव और फायरिंग भी हुई। इस विवाद में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस से एक पक्ष की महिलाओं की तीखी नोकझोंक हुई। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान के भाई ने विरोधी पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। इसके बाद सीओ पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च किया। पुलिस ने गांव में दबिश देकर कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव बल्दिया में ग्राम प्रधान पद पर रोहित कुमार निर्वाचित हुए हैं। गांव के ही आशुतोष उर्फ टीटू चुनाव में उनके प्रतिद्वंद्वी थे, जो हार गए। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच चुनाव में कांटे की टक्कर थी। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे नव निर्वाचित ग्राम प्रधान रोहित कुमार गांव के ही एक मृतक के यहां से सांत्वना देकर लौट रहे थे। आरोप है कि आशुतोष कुमार और उसके पक्ष के कुछ लोग रास्ते में ही घात लगाए बैठे थे। ग्राम प्रधान रोहित कुमार और हारे हुए प्रत्याशी आशुतोष कुमार व उसके पक्ष के कुछ लोगों में तीखी नोकझोंक हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव के नितिन कुमार शर्मा के घर के सामने दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर लाठी-डंडे और सरिये चले और फायरिंग भी हुई, जिसमें रोहित कुमार, आशुतोष और काले गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को अपनी ओर आता देख विवाद में शामिल एक पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। बृहस्पतिवार को सीओ गणेश गुप्ता भारी पुलिस बल एवं पीएसी के साथ गांव में पहुंचे और फ्लैग मार्च किया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
महिलाओं ने गांव में पहुंची पुलिस को घेरा
गांव पहुंची पुलिस के साथ एक पक्ष की महिलाओं ने तीखी नोकझोंक करते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस को रात में आरोपियों को छोड़कर जाना पड़ा। ग्राम प्रधान रोहित कुमार के बड़े भाई मोहित कुमार ने पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आशुतोष उर्फ टीटू, दीपक, सोनू, मुकेश और विपिन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।