बिजनौर में कॉकटेल पार्टी में तमंचे लहराते युवक।
- फोटो : amar ujala
बिजनौर जनपद के मंडावली क्षेत्र में दोस्तों संग कॉकटेल पार्टी में अवैध तमंचा लहराते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
असलहों के साथ फोटो खिंचवाना पड़ा भारी
मंडावली निवासी रोहित व शीशपाल और किरतपुर निवासी जितेंद्र की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में ये तीनों युवक जंगल में बने एक कमरे की छत पर पार्टी कर रहे थे। इस दौरान तीनों युवकों ने शराब पार्टी करते हुए तमंचे के साथ फोटो खिंचवाईं।
मंडावली थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि तीन युवकों द्वारा कॉकटेल पार्टी में हाथ में तमंचा लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल की गई थी। पुलिस इन युवकों की तलाश में जुटी हुई थी। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस ने गामड़ी-नारायणपुर रतन तिराहे से चेकिंग के दौरान तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। युवकों के पास से एक तमंचा और तीन कारतूस व चाकू बरामद हुए।
वहीं पूछताछ में तीनों युवकों की पहचान गांव टांडा रतन निवासी रोहित, शीशपाल और किरतपुर क्षेत्र के गांव सीकरी निवासी जितेंद्र के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।