नहटौर के गांव आकू में पटाखा फैक्ट्री में लगी आग को बुझाती फायरकर्मी। संवाद
नहटौर (बिजनौर)। गांव आकूं के जंगल में स्थित पटाखा फैक्टरी में रविवार दोपहर को अचानक आग लग गई। वहां मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुआ। बाद में फायर बिग्रेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
नहटौर के मोहल्ला हलवाइयान निवासी अनुभव वर्मा ने गांव आकूं के जंगल में करीब दो माह पूर्व श्रीजी फायर वर्क्स के नाम से पटाखा फैक्टरी लगाई है। रविवार दोपहर फैक्टरी में रखे पटाखों में हुए घर्षण के कारण उसमें आग लग गई। इससे फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों में अफरातफरी मच गई। आग को नियंत्रित करने के लिए स्वचालित अग्नि शमन यंत्रों का प्रयोग करने के साथ वहां श्रमिकों ने पानी व रेत डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग बुझाई। उधर, घटना का पता लगने पर सीओ अभय कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे तथा घटना के संबंध में जानकारी ली।
घटना के समय फैक्टरी में तीस महिलाओं सहित 65 मजदूर काम कर रहे थे। फैक्टरी स्वामी अनुभव वर्मा ने बताया कि घटना में लगभग दस हजार रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। सीओ ने बताया कि हादसे में कोई घायल या हताहत नहीं हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।