बिजनौर के हल्दौर में टाटमोहरा बाजार के पास कार में अवैध रूप से गैस भरते समय गाड़ियों में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
हल्दौर में टाटमोहरा बाजार के पास स्थित एक प्लाट में बुधवार की सुबह 11 बजे वैन में एलपीजी भरते समय चालक के माचिस की तिली सुलगाते ही आग लग गई। पलभर मेें ही वैन का आग का गोला बन गई, जिसकी चपेट में आकर तीन अन्य कारें भी जल गईं। आग लगने से मोहल्ले में अफरातफरी का आलम हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम, पुलिस और नागरिकों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद ही चालक फरार हो गया।
मोहल्ला खेड़ा निवासी फारूख का टाटमोहरा बाजार के पास एक प्लाट पड़ा है। इसी प्लाट में अकील अहमद, सलीम अहमद और मोहम्मद तकी की वैगनार खड़ी होती हैं। बुधवार सुबह करीब 11 बजे क्षेत्र का ही एक व्यक्ति विकास अपनी वैन प्लाट में लेकर आया।
वैन को तीनों गाड़ियों के पास खड़ा करके उसमें सिलेंडर से रसोई गैस भरवाने लगा। इस दौरान कुछ गैस लीक भी हो रही थी। इसी दौरान वैन चालक विकास ने बीड़ी सुलगाने के लिए माचिस की तिली जलाई, जिससे लीक हो रही गैस के कारण आग लग गई। सिलेंडर में भी आग लग गई। आग की विकरालता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है प्लाट में खड़ी तीनों गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से मोहल्ले में अफरातफरी का आलम हो गया। आसपास के नागरिक और पुलिस आग को बुझाने की कोशिश करने लगे। नगर पालिका के पानी के टैंकर भी मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे बाद बिजनौर से मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। वहीं, गाड़ियों को जलता देखकर वैन चालक विकास मौके से चंपत हो गया।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि कार मालिकों ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर जांच कर अवश्य कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही हैै।