बिजनौर। शॉर्ट सर्किट से राज मिलन बैंक्वेट हॉल में आग लग गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची अग्निशमन की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
शहर में शास्त्री चौक से कोतवाली शहर मार्ग पर स्थित राज मिलन बैंक्वेट हॉल स्थित है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे बैंक्वेट हॉल में आग लग गई। आग लगने के बाद धुएं का गुबार आसमान में छाने लगा। जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। गोदाम में आग लगने से लिहाफ, गद्दे, सोफा आदि सामान में जलकर राख हो गया। धुएं का गुबार देख मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी।
घटनास्थल पर पहुंचकर अग्निशमन की दो गाड़ियों ने पानी की बौछार कर काबू पाया। पूरी तरह से आग बुझाने में करीब आंधा घंटा लगा। बैंक्वेट हॉल स्वामी राहुल सिंह ने बताया कि आग लगने से करीब नौ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि राज मिलन बैंक्वेट हॉल के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। समय से आग पर काबू पा लिया गया। बैंक्वेट हॉल में अग्निशमन यंत्र लगे हुए हैं। घटना की अभी जांच की जाएगी।