बिजनौर। सदर तहसील के सामने बृहस्पतिवार को लेखपाल सनातन ब्रह्म पर रानीपुर के ग्राम प्रधान और उनके सहयोगियों ने मारपीट की। एक आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से भी हमला करने का प्रयास किया। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को भारत विहार कॉलोनी निवासी लेखपाल सनातन ब्रह्म शासकीय कार्य के लिए सदर तहसील परिसर में मौजूद थे। इस दौरान रानीपुर निवासी शानू राजपूत, जगत सिंह प्रधान, मौढ़िया निवासी दर्पण राजपूत और एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही जान से मारने की नीयत से शानू राजपूत ने लेखपाल पर पिस्टल से हमला करने का भी प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। इसके बाद सभी आरोपी भविष्य में जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।