बढ़ापुर। क्षेत्र के गांव जहानाबाद खोबड़ा स्थित संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने दो लोगों पर बिना अनुमति विद्यालय में घुसकर बच्चों के फोटो खींचने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। प्रधानाध्यापक की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
प्रभारी प्रधानाध्यापक अंजीव कुमार ने तहरीर में कहा कि 16 अक्तूबर को दोपहर में भोजन के बाद कुछ बच्चे अपनी प्लेट लेकर नल पर पानी पीने गए थे। इस दौरान गुरपेज सिंह और नूर मलिक ने बिना अनुमति विद्यालय में प्रवेश कर बच्चों के फोटो खींच लिए। बाद में इन फोटो के साथ जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत कर बच्चों से थाली धुलवाने का आरोप लगाया। इस संबंध में उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया था। प्रधानाध्यापक ने आरोप लगाया कि 24 अक्तूबर को गुरपेज सिंह के कार्यालय में बुलाकर उनसे पांच हजार रुपये लिए गए। इसके बाद एक लाख रुपये की मांग की गई। रकम देने से इनकार करने पर अभद्रता और जातिसूचक शब्द कहे। प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में भोजन बनाने और बर्तन धोने का काम तीन रसोइयां करती हैं। सीओ नगीना आलोक सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुरपेज सिंह, नूर मलिक और उनकी टीम के अज्ञात सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।