शेरकोट। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराकर बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय भेजा। पुलिस ने इस मामले में आरोपी सिपाही के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने नवादा जलीलपुर थाना चांदपुर निवासी मनदीप कुमार पर छह सालों से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। आरोपी सिपाही लखीमपुर खीरी जनपद के खीरी थाने में तैनात है। युवती ने शिकायत में बताया दोनों परिवारों के बीच शादी का रिश्ता तय होने के बाद आरोपी अब शादी करने से इंकार कर रहा है। उसके फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सिपाही के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस क्षेत्राधिकारी अफजलगढ़ आलोक कुमार का कहना है कि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराकर मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराए गए हैं। मामले की विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।