नजीबाबाद/जलालाबाद। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने यूपी ग्रामीण बैंक जलालाबाद के शाखा प्रबंधक की ओर से पूर्व शाखा प्रबंधक के खिलाफ ऋण खाता धारकों की हजारों रुपये की धनराशि गबन करने की प्राथमिकी दर्ज की है।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने यूपी ग्रामीण बैंक जलालाबाद के शाखा प्रबंधक मंगतराम की ओर से वर्ष 2023-24 में बैंक के शाखा प्रबंधक मयंक कुमार अग्रवाल के खिलाफ दो ऋण खाता धारकों द्वारा जमा की कराई धनराशि जमा करने में हेरफेर और जालसाजी करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बिजनौर ने मंगतराम बनाम मयंक कुमार अग्रवाल मामले में यूपी ग्रामीण बैंक जलालाबाद के पूर्व प्रबंधक मयंक कुमार अग्रवाल पर ऋण खाता धारकों फरजाना और सलीम अहमद के क्रमशः 40 हजार रुपये और 25 हजार रुपये की धनराशि जमा करने में धोखाधड़ी और जालसाजी मामले में सुनवाई की। न्यायालय ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद गुण दोष के आधार पर उक्त मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना को आवश्यक बताते हुए पुलिस को प्राथमिक दर्ज कर जांच के निर्देश दिए।
न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने वर्तमान प्रबंधक आदर्श नगर निवासी मंगतराम की ओर से पूर्व प्रबंधक मयंक कुमार अग्रवाल के खिलाफ 51 हजार रुपये की धनराशि का गबन का मामला दर्ज किया है। वर्तमान शाखा प्रबंधक ने 8 सितंबर 2023 से 22 अप्रैल 2024 तक शाखा में कार्यरत रहे शाखा प्रबंधक मयंक कुमार अग्रवाल पर ऋण खाता धारक फरजाना द्वारा 40 हजार रुपये की धनराशि जमा करने की रसीद देकर मात्र 14 हजार रुपये खाते में जमा करने और सलीम अहमद द्वारा 25 हजार रुपये जमा करने की रसीद देने के बावजूद धनराशि जमा नहीं कर कुल 51 हजार रुपये गबन करने का मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू करने की जानकारी दी।