बिजनाैर, शिवाला कलां। किसानों के खातों में करोड़ों की हेराफेरी करने के मामले में बैंक कैशियर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शाखा प्रबंधक ने दो करोड़ 83 लाख रुपये की हड़पने के आरोप में केस दर्ज कराया है, जबकि किसानों की ओर से 15 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाया जा रहा था। यह मामला पंजाब नेशनल बैंक की शिवालाकलां शाखा का है।
दस दिन पहले भाकियू ने पंजाब नेशनल बैंक शिवाला कलां पर धरना प्रदर्शन किया, जिसमें नूरपुर ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम कुमार ने आरोप लगाया था कि दो माह पूर्व बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने धोखाधड़ी से किसानों के खातों में से 15 करोड़ रुपये से अधिक निकाल लिए। शिकायत के बावजूद अब तक रुपये नहीं मिले हैं।
आंदोलन की सूचना पर उप जिला अधिकारी विजय शंकर सिंह एसडीएम ने 10 जून तक गठित कमेटी द्वारा जांच कर रुपये दिलाने का आश्वासन दिया था। इस मामले में अब बैंक प्रबंधक बजरंगी लाल ने थाना शिवाला कलां पहुंचकर शाखा के कैशियर थाना स्योहारा गांव विशनपुर धूधली निवासी कामिल हुसैन के विरुद्ध जालसाजी व धोखाधड़ी कर बैंक धारकों से दो करोड़ 83 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थानाध्यक्ष तेजपाल सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।