चांदपुर क्षेत्र के गांव ककराला में खेत के कुएं में गिरा गुलदार
चांदपुर। गांव ककराला में ग्राम प्रधान के खेत में स्थित कुएं में मादा गुलदार गिर गई। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम रेस्क्यू कर मादा गुलदार को रेंज कार्यालय ले आई।
गांव ककराला निवासी ग्राम प्रधान सरोज देवी के पुत्र तेजपाल सिंह ने बताया कि उनका गांव ककराला से कटपुरा मार्ग पर सड़क किनारे खेत है। सोमवार की सुबह खेत में बने कुएं में गुलदार गिर गया। गुलदार गिरने का पता तब लगा जब गांव के लोग खेत पर ईख की बुआई करने गए तो वहां गुलदार के दहाड़ने की आवाज सुनाई दी। गड्ढे में गुलदार गिरने की सूचना में गांव के लोग एकत्र हो गए।
इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम गुलदार को कुएं से सुरक्षित रेस्क्यू कर रेंज कार्यालय ले आई। वन क्षेत्राधिकारी दुष्यंत सिंह ने बताया कि तेजपाल सिंह के निजी काश्त में स्थित एक खुले बोरवेल कुएं में लगभग 4–5 वर्ष की एक मादा गुलदार गिर गई थी, जिसकी सूचना मिलते ही वन टीम ने गुलदार को कुएं से रेस्क्यू किया। वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अपने बोरवेलों को ढककर रखें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
रेस्क्यू अभियान में वन दरोगा सौरभ कुमार, वन रक्षक गौरव कुमार, वन कर्मी अनीस, मोहम्मद अफजल आदि शामिल रहे।
शाहपुर भसौड़ी में दिखा गुलदार का जोड़ा : थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर भसौड़ी में गुलदार दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक गांववासी किसान संजय कुमार आदि खेत पर काम कर रहे थे। उसी दौरान गुलदार दिखाई दिया, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल कायम हो गया। बताया जा रहा है कि गुलदार का जोड़ा था। सूचना पर लेखपाल अनिल कुमार गुप्ता पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेकर वन विभाग को सूचित किया। ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र पिंजरा लगाकर गुलदार पकड़ने की मांग की है।
चांदपुर क्षेत्र के गांव ककराला में खेत के कुएं में गिरा गुलदार