अफजलगढ़। मंगलवार को गांव दुलीचंदपुर के पास गन्ने के खेत में करीब दो वर्ष की मादा गुलदार का शव मिला है। उसकी मौत आपसी लड़ाई में होने की आशंका जताई जा रही है।
गांव रामनगर निवासी महेंद्र सिंह व कोमल शर्मा मजदूरों के साथ अपने खेत में गन्ने की छिलाई करने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में अंदर की ओर एक गुलदार पर गई। उसे देखकर वे घबरा गए और गांव लौट आए। दोबारा ग्रामीणों के साथ खेतों पर पहुंचे तो गुलदार वहीं नजर आया। ग्रामीणों ने शोरशराबा कर गुलदार को भगाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं हिला। बाद में पास जाकर देखा तो गुलदार मृत अवस्था में पड़ा था। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार के शव को कब्जे में लिया।
नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा ने बताया कि मृत गुलदार मादा है तथा उसकी उम्र करीब दो वर्ष है। उसके मुंह पर चोट के निशान हैं। शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने संभावना जताई की आपसी लड़ाई में चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हुई है। गुलदार के शव को नगीना नर्सरी ले जाया गया है। वहां शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
आश्रम के पास गुलदार ने तीन पिल्लों को बनाया निवाला
अफजलगढ़। गांव गढ़वावाला में बाबा लक्ष्मीदास भूमिदास सेवा संस्थान आश्रम में शिकार की तलाश में कई दिन से गुलदार आ रहा है। उसने कुत्ते के तीन पिल्लों को भी अपना निवाला बना लिया है। इससे आश्रम जाने वाले लोगों तथा ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीण बलबीर सिंह, ईश्वर चंद्र, पप्पू सैनी, ओमप्रकाश, रोशन सिंह, इमरान, छोटे, रहीस आदि का कहना है कि गुलदार कई दिन से आश्रम के आसपास देखा जा रहा है। सोमवार शाम गुलदार ने आश्रम से कुत्ते के तीन पिल्लों को मुंह में दबा लिया। महाराज आशाराम ने गुलदार पर चिमटे से वार किया। गुलदार को चिमटा लगा। उसके मुंह से एक पिल्ला तो छूट गया लेकिन दो को वह ले गया। दो दिन पूर्व भी गुलदार आश्रम के पास से एक पिल्ले को उठाकर ले गया था। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से आश्रम के पास पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा ने लोगों से सतर्कता बरतने तथा टीम भेजने की बात कही है। संवाद
-
तालमपुर के जंगल में पिंजरे में फंसा गुलदार
चांदपुर। बबनपुरा क्षेत्र के गांव तालमपुर के जंगल में वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में मंगलवार को एक गुलदार फंस गया। गुलदार की उम्र करीब तीन साल बताई जा रही है। पिंजरा किसान सोमपाल सिंह के खेत के पास नहर मार्ग पर लगाया गया था। मंगलवार सुबह गुलदार की गुर्राहट सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को चांदपुर रेंज कार्यालय ले गई। चांदपुर रेंज के रेंजर दुष्यंत सिंह ने बताया कि पकड़े गए गुलदार की मेडिकल जांच कराई जा रही है। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गुलदार को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। संवाद