नांगलसोती/नजीबाबाद। गंगा खादर में गंगा माता मंदिर के निकट रायपुर खास उर्फ कोटसराय निवासी कामेंद्र सिंह का शव मिला। पुलिस ने युवक का शव कब्जे में ले लिया। शव के कुछ ही फासले पर उसकी स्कूटी मिली।
गांव रायपुर खास निवासी कार्मेंद्र सिंह (25) सोमवार शाम को स्कूटी लेकर घर से निकला था। युवक के रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और नांगल थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजन और पुलिस सोमवार की रात युवक के फोन की लोकेशन पर नांगल के खादर क्षेत्र में उसे तलाशती रहे, लेकिन युवक नहीं मिला।
मंगलवार की सुबह खादर क्षेत्र से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को गंगा माता मंदिर के निकट युवक का शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना पर सीओ नितेश प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ फासले पर उसकी स्कूटी और उसका मोबाइल मिला है। स्कूटी के पास बीयर की खाली बोतलें और खाद्य सामग्री भी मिली है। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस से युवक की हत्या की आशंका जताई। फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए नमूने लिए। मृतक युवक के पिता रतीराम सिंह ने अज्ञात के खिलाफ रंजिशन हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर सौंपी है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले में जुटी है।
उधर, सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
घर से निकलने के बाद परिजनों से फोन पर हुई थी बात
घर से निकलने के बाद देर शाम कामेंद्र की परिजनों से फोन पर बात हुई थी। थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौर ने बताया कि परिजनों के मुताबिक कामेंद्र ने उनसे फोन पर बात की थी। कामेंद्र ने कहा था कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है, सुबह उसकी बॉडी ले जाना। कामेंद्र मंडावली क्षेत्र के एक गन्ना कोल्हू पर काम करता था।