कोरोना का डर, बच्चों की ऑनलाइन शुरू हुई पढ़ाई
बिजनौर। कोरोना महामारी की तीसरी लहर को देखते हुए यूपी सरकार ने 14 जनवरी तक सभी स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जिले में बढ़ती ठंड की वजह से डीएम उमेश मिश्रा ने सभी स्कूलों को आठ जनवरी तक के लिए शीतकालीन अवकाश की घोषणा की है। जिसकी वजह से अब एक बार फिर पढ़ाई ऑनलाइन शुरू हो गई है।
कोरोना महामारी और ठंड की वजह से सरकारी व निजी स्कूलों का अवकाश घोषित कर दिया है। बच्चों की शिक्षा पर कोरोना का प्रभाव पड़ रहा है। जैैसे ही बच्चों की पढ़ाई पटरी पर आती है, वैसे ही कोरोना महामारी दस्तक दे देती है। जिसके चलते बच्चों को महामारी से बचाने के लिए सरकार द्वारा स्कूल बंद करने जैसे सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कोरोना की तीसरी लहर की संभावना की वजह से जिले के कुछ स्कूलों ने बच्चों को शिफ्ट में बुलाना शुरू कर दिया था, लेकिन अब सरकार ने 14 जनवरी तक के लिए सभी स्कूलों के बंद करने घोषणा की। जिसकी वजह से फिर बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन हो गई है। कुछ स्कूलों द्वारा बच्चों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए उन्हें फोन पर ही होम वर्क दिया जा रहा है।
क्या कहते हैं अभिभावक
विभव आर्य ने बताया कि उनकी बेटी दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। कोरोना महामारी की वजह से स्कूल की छुट्टी कर दी गई है। लेकिन बच्चों की पढ़ाई पर कोई असर न हो, इसलिए फोन पर काम दिया जा रहा है। अंशुल राणा ने बताया कि उनकी बेटी तृप्ती राणा एमडी इंटरनेशनल स्कूल में यूकेजी में पढ़ती हैं। लेकिन स्कूल की तरफ से कोई काम नहीं नहीं दिया गया है। स्कूल की तरफ से ऑनलाइन क्लॉस की कोई जानकारी नहीं दी गई है। डॉ. भूमिका विश्नोई ने बताया उनका बेटा अर्जुन विश्नोई सेंट मेरी में एलकेजी में पढ़ता है। सरकार द्वारा 14 जनवरी तक स्कूल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। अवकाश होने की वजह से स्कूल द्वारा फोन पर उनके कोर्स से संबंधित वीडियो बनाकर भेजी जा रही हैं।