पिता के हत्यारे ने खाया विषैला पदार्थ, हालत गंभीर
नजीबाबाद/जलालाबाद। तीन दिन पूर्व पिता को चाकू से प्रहार कर हत्या करने वाले फरार चल रहे आरोपी ने विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके अलावा विषैले पदार्थ का सेवन करने वाली एक महिला को प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। महिला का आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष ने उसे विषैला पदार्थ खिलाया।
नगर के मोहल्ला जाब्तागंज नई बस्ती निवासी 70 वर्षीय मो.यूसुफ की 20 सितंबर को उसके बेटे आसिम ने चाकू से प्रहार कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से आसिम फरार था। फरार आसिम ने बृहस्पतिवार को विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसे गंभीर अवस्था में प्राइवेट नर्सिंग होम में लाया गया। हालत चिंताजनक होने पर परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए।
उधर जलालाबाद क्षेत्र के राहूखेड़ा कौरा निवासी एक विवाहिता को विषैला पदार्थ सेवन करने पर एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। विवाहिता ने देवरानी और परिजनों पर विषैला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया। पुलिस की सूचना पर तहसीलदार न्यायिक चंद्रकांता ने अस्पताल पहुंचकर विवाहिता के बयान दर्ज किए।