दुर्घटना में पलटी कार को सीधी करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के रेहड़ से दवाई लेने ठाकुरद्वारा जा रहे बाइक सवार पिता-पुत्री की कार की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ पड़ी।
थाना रेहड़ के गांव मच्छमार निवासी राजेश (40) अपनी पुत्री आंचल (05) के साथ बाइक से बुधवार की सुबह दवाई लेने मुरादाबाद की तहसील ठाकुरद्वारा जा रहा था। ठाकुरद्वारा के गांव मदारपुर के निकट उनकी बाइक को शिफ्ट गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि पुत्री आंचल को राहगीरों ने चिंताजनक हालत में सीएचसी ठाकुरद्वारा भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान आंचल ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने फोन से हादसे की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार राजेश मजदूरी करता था। उसके तीन बच्चों में आंचल सबसे छोटी थी। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा।