बढ़ापुर। पुलिस ने ग्राम कोपा के किशोर चांद की हत्या के मामले में पिता-पुत्र को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस हत्याकांड में शामिल दो अन्य की तलाश कर रही है।
ग्राम अल्हेदादपुर खजवा उर्फ कोपा निवासी अब्दुल वाहिद के पुत्र चांद (16) की अपहरण के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव नहर से बरामद हुआ था। हत्या में मृतक के रिश्ते के चाचा जुल्फिकार, उसके पुत्र रिहान, भाई नईम और वाहन चालक दानिश के नाम सामने आए थे। पुलिस के मुताबिक सोमवार की रात करीब साढ़े तीन बजे थाना प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार पुलिस टीम के साथ चेकिंग व गश्त पर थे।
बढ़ापुर - नगीना मार्ग पर ग्राम इस्लामाबाद के चौराहे पर पुलिस को नगीना की ओर से एक वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस के रोकने और पीछा करने पर गाड़ी में सवार लोगों ने इस्लामाबाद के जंगल में पुलिस पर फायर किया। जवाबी फायरिंग में ग्राम कोपा निवासी जुल्फिकार व उसके पुत्र रिहान के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उनके पास से सफेद रंग की ईको स्पोर्ट कार व एक तमंचा बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि किशोर के अपहरण और हत्या में इसी कार का इस्तेमाल हुआ था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में जुल्फिकार व उसके पुत्र रिहान ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर सात मई को ही चांद को कार से ले जाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव नहर में डाल दिया था। अब पुलिस इस मामले में वांछित दो अन्य आरोपी नईम व दानिश को तलाश रही है।