किसान यूनियन 11 दिसंबर को हाईवे करेगी जाम
नजीबाबाद। भारतीय किसान यूनियन ने प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में रोष व्यक्त करते हुए हाईवे जाम करने का निर्णय लिया। भाकियू ने गन्ना मूल्य बढ़ाने की मुख्य मांग सहित कई मांगों को लेकर 11 दिसंबर को मोटा महादेव और नांगलसोती क्षेत्र में जाम लगाने की घोषणा की।
भारतीय किसान यूनियन की लोनिवि निरीक्षण भवन में मदन सिंह चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष मदन सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी न करके आर्थिक संकटों से जूझ रहे किसानों को सड़कों पर उतरने के लिए विवश किया है। उन्होंने भाकियू के राष्ट्रीय आह्वान पर 11 दिसंबर को नजीबाबाद-हरिद्वार हाईवे पर मोटामहादेव और नांगल में जाम लगाने की घोषणा की।
अवनीश कुमार के संचालन में आयोजित बैठक में किसानों ने एनएच के कई मार्गों पर गड्ढे होने से गन्ना ढुलान में किसानों को होने वाली परेशानी पर भी रोष व्यक्त किया। किसानों ने घटतौली पर रोक लगाने, विद्युत कटौती को रद्द करने, गन्ना मूल्य समय से भुगतान कराने तथा नांगल खादर क्षेत्र में वन विभाग से कृषि भूमि मुक्त कराने की मांग की।
बैठक में चौ. बलराम सिंह, गजेंद्र सिंह, ओमप्रकाश, शेर सिंह चौहान, बाबूराम तालान, सत्यपाल, दिनेश कुमार, नरदेव सिंह, करन सिंह, नितिन, भोपाल सिंह, सुखराम सिंह, हुकम सिंह, प्रीतम सिंह, नेपाल सिंह, इजहार सहित अनेक किसानों ने भाग लिया।