किसानों ने सामाजिक वानिकी कार्यालय घेरा
नजीबाबाद। गुलदार द्वारा छह बकरियों को निवाला बनाने और एक होटल मालिक किसान को जनहित में पेड़ छांटने पर परेशान करने के विरोध में ग्रामीणों ने सामाजिक वानिकी कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने रेंजर और डिप्टी रेंजर के खिलाफ कार्रवाई की डीएफओ से मांग की।
भाकियू के प्रांतीय नेता बाबूराम तोमर, युवा जिलाध्यक्ष सरदार वरिंदर सिंह बांठ, होशियार सिंह, सरदार संदीप सिंह ने सामाजिक वानिकी कार्यालय पर पहुंचकर मथुरापुर मोर क्षेत्र में एक होटल मालिक व किसान नरेंद्र खैरा द्वारा दो पेड़ों की छंटाई करने पर उसे परेशान करने पर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने मथुरापुरमोर के किसान सरदार जगवीर सिंह की दो दिन पूर्व छह बकरियों को गुलदार द्वारा निवाला बनाने की सूचना के बावजूद कार्रवाई न किए जाने पर रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारी किसानों ने डीएफओ अनिल कुमार पटेल से भी फोन पर वन विभाग के रेंजर और डिप्टी रेंजर द्वारा उत्पीड़न की कार्रवाई और गुलदार द्वारा बकरियों को निवाला बनाने के बावजूद कार्रवाई न करने की शिकायत की। डीएफओ द्वारा जांच और कार्रवाई के बाद किसान शांत हुए।
उधर सामाजिक वानिकी के रेंजर अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सामाजिक वानिकी के अंतर्गत आने वाले पेड़ों को अनाधिकृत रूप से काटने पर जुर्माना आदि की विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित है। गुलदार द्वारा बकरियों को निवाला बनाने की घटना कौड़िया वन क्षेत्र में आने का तर्क देते हुए रेंजर ने जांच कराने की बात कही। प्रदर्शन में अमरजीत सिंह, मलकीत सिंह, करणदीप सिंह, जसपेंद्र सिंह, सरनदीप सिंह, अर्जुन सिंह, जितेंद्र, मंदीप, नरेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।