जर्जर विद्युत लाइन नहीं बदलने पर किसानों ने दिया धरना
बिजनौर, नांगलसोती। जर्जर विद्युत लाइन व खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदलने पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने सौफतपुर बिजली घर पर धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाकियू के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष दिनेश कुमार, युवा ब्लॉक अध्यक्ष सुमित कुमार के नेतृत्व में शनिवार को किसान सौफतपुर बिजली घर पर पहुंचे और धरना दिया। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइन नहीं बदली जा रही हैं। आंधी में जर्जर विद्युत लाइन में फाल्ट से परेशानी होती है और बिजली का तार टूट कर किसान के खेतों में गिर जाता है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि नलकूपों पर रखे खराब ट्रांसफार्मर भी नहीं बदले जा रहे हैं, जिससे किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल जारी है, लेकिन शेड्यूल के मुताबिक ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही। अधिकारी चेकिंग के नाम पर किसानों का लगातार उत्पीड़न कर रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर पहुंचे एसडीओ दीपक कुमार को अपने बीच बैठाया और जेई ध्रुव कुशवाहा को धरने पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। धरने में युवा जिला महासचिव धर्मेंद्र राणा, राजीव राठी, अजय कुमार, तपेंद्र, सुनील कुमार, भूरे, संजीव कुमार, विनीत, तुषार, बंटी आदि किसान मौजूद रहे।